शिवपुरी जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर नियंत्रण पाने और आमजन को सतर्क करने के लिए शिवपुरी पुलिस ने 11 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत एडिशनल एसपी संजीव मुले ने आज साइबर जागरूकता रथ को एसपी ऑफिस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को साइबर क्राइम के खतरों और उनसे बचने के उपायों के बारे में जागरूक करेगा।
इस मौके पर एसडीओपी संजय चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़, देहात थाना प्रभारी रत्नेश यादव, फिजिकल थाना प्रभारी नवीन यादव, यातायात थाना प्रभारी रणवीर यादव, यातायात थाना एसआई नीतू अवस्थी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
1 फरवरी से 11 फरवरी तक चलेगा अभियान -
एडिशनल एसपी संजीव मुले ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एसपी अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में यह अभियान 1 फरवरी से 11 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान पुलिस स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर जाकर लोगों को साइबर अपराधों के तरीकों, उनके प्रभाव और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देगी।
बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर सतर्कता जरूरी -
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। आमजन को अपने बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी, पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा फिशिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहना आवश्यक है।
उनके द्वारा शहरवासियों से अपील की गई है कि यदि वे किसी साइबर अपराध का शिकार होते हैं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।