NHAI के 1033 हेल्पलाइन पर जल्द मिलेगी 108 एंबुलेंस सेवा, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को मिलेगा त्वरित उपचार

Shivpuri First
0
सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) की हेल्पलाइन 1033 को 108 एंबुलेंस सेवा से जोड़ा जाएगा। इस नई सुविधा के जरिए हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायलों को तुरंत एंबुलेंस सहायता मिलेगी।

अब 1033 पर कॉल करते ही पहुंचेगी एंबुलेंस - 

अब तक 1033 हेल्पलाइन का इस्तेमाल केवल टोल रोड से जुड़ी समस्याओं, जैसे खराब सड़क, टोल पर फंसे वाहन और सड़क हादसों की रिपोर्टिंग के लिए किया जाता था। लेकिन अब इसे मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी एकीकृत किया जा रहा है।
यदि कोई व्यक्ति हाईवे पर किसी दुर्घटना का शिकार होता है, तो 1033 पर कॉल करने पर पास की 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर भेजी जाएगी।

क्यों जरूरी है यह सुविधा - 

देशभर के नेशनल हाईवे पर हर साल हजारों सड़क हादसे होते हैं। इनमें कई लोगों की जान सिर्फ इसलिए चली जाती है क्योंकि समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती।
सरकार का यह कदम "गोल्डन ऑवर" के सिद्धांत पर आधारित है। विशेषज्ञों के अनुसार, हादसे के पहले एक घंटे के भीतर घायल को चिकित्सा सहायता मिलने पर उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

हेल्पलाइन से जुड़े ये फायदे भी मिलेंगे - 

अब हाईवे पर दुर्घटना होने पर अलग-अलग हेल्पलाइन पर कॉल करने की जरूरत नहीं होगी। इसके चलते 108 एंबुलेंस सेवा से घायलों को मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा दी जाएगी। NHAI की यह पहल सड़क हादसों में कमी लाने के लिए कारगर साबित होगी।

इस फैसले को लेकर NHAI के अधिकारियों का कहना है कि "हमारा मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाना है। 1033 और 108 सेवाओं का समन्वय हाईवे पर यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए सुरक्षा की गारंटी बनेगा।"

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)